मुंबई : शहर में धूल भरी आंधी आने के कारण घाटकोपर इलाके में एक विशालकाय होर्डिंग गिर गया जिससे उसकी चपेट में आने से 14 लोगों की मौत हो गई।
बीएमसी आपदा नियंत्रण ने यह जानकारी दी। हादसे में 74 लोग घायल हुए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।
होर्डिंग पंत नगर में ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे के किनारे एक पेट्रोल पंप पर गिरा जहां बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
यह होर्डिंग लगभग 17,040 वर्ग फुट का था।
इसका नाम लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में सबसे बड़े होर्डिग्स के रूप में दर्ज था।
तेज हवाओं के साथ आई धूल भरी आंधी और उसके बाद बारिश ने शहर में जमकर कहर बरपाया।
इस दौरान एक विशाल विज्ञापन होर्डिंग उखड़ गया और कई घरों और एक पेट्रोल पंप पर गिर गया।
इस हादसे में कई लोग घायल हो गए। देर रात तक फायर ब्रिगेड, एमडीआरएफ और एमएमआरडीए की टीमें मलबे में फंसे 60 से ज्यादा लोगों को बचाने में कामयाब रहीं।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बीएमसी आयुक्त भूषण गगरानी और मुंबई पुलिस को इस त्रासदी की जांच करने के आदेश दिए हैं।
शिंदे ने मृतकों केे परिजनों को 5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।