Menu
#Mumbai

जनता दर्शन में 88 शिकायतें प्राप्त, भूमि विवादों के मामलों की रही अधिकता

देहरादून, 05 जनवरी 2026: जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में सोमवार को ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा की अध्यक्षता में जनता दर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान कुल 88 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें अधिकांश भूमि संबंधी थीं। इसके अतिरिक्त आपसी विवाद, …

By Hindi News 24x7 - News Editor
Last Updated: 06 जन, 2026
जनता दर्शन में 88 शिकायतें प्राप्त, भूमि विवादों के मामलों की रही अधिकता

देहरादून, 05 जनवरी 2026: जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में सोमवार को ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा की अध्यक्षता में जनता दर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान कुल 88 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें अधिकांश भूमि संबंधी थीं। इसके अतिरिक्त आपसी विवाद, सामाजिक एवं व्यक्तिगत समस्याओं से जुड़ी शिकायतें भी सामने आईं। अपर जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।

बुजुर्ग दंपति की शिकायत पर भरण-पोषण अधिनियम के तहत कार्रवाई के निर्देश

जनता दर्शन में नई बस्ती, चंदरनगर निवासी एक बुजुर्ग दंपति ने शिकायत दर्ज कराई कि उनका बेटा उनके साथ मारपीट करता है और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए अपर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी सदर को भरण-पोषण अधिनियम के अंतर्गत वाद दायर कराने के निर्देश दिए।

भूमाफियाओं के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश

प्रगति विहार विकास संस्था, अजबपुर द्वारा प्रस्तुत शिकायत में लेन नंबर-6 स्थित खाली प्लॉट पर संदिग्ध व्यक्तियों/भूमाफियाओं द्वारा कब्जे का प्रयास किए जाने की जानकारी दी गई। इस पर नगर निगम एवं तहसीलदार सदर को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

वहीं, ग्राम पंचायत चकजोगीवाला के निवासियों ने समाज की भूमि एवं 18 मीटर चौड़े नाले पर अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई। इस संबंध में उप जिलाधिकारी ऋषिकेश को भूमि को कब्जा मुक्त कराने के निर्देश दिए गए।

गुमशुदा पति को मृत घोषित करने का मामला

शास्त्री नगर, डाकरा कैंट निवासी निर्मला देवी ने शिकायत पत्र के माध्यम से अवगत कराया कि उनके पति वर्ष 2012 से लापता हैं। उन्होंने पति को मृत घोषित करते हुए कैंट बोर्ड से मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कराने का अनुरोध किया। इस पर अपर जिलाधिकारी ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी, देहरादून कैंट को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

ई-श्रम योजना की अनुग्रह राशि का मामला

शिकायतकर्ता हनीफ ने अपने दिवंगत भाई वसीम अहमद, जिनकी 21 जनवरी 2022 को कार्य के दौरान मृत्यु हो गई थी, के संबंध में ई-श्रम योजना के अंतर्गत देय अनुग्रह राशि भुगतान का प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि शिकायत आईडी एलबी57117 बंद दर्शाई जा रही है, जबकि मृतक की पत्नी को अब तक अनुग्रह राशि प्राप्त नहीं हुई है। इस पर प्रकरण की पुनः जांच कराते हुए संबंधित विभाग को नियमानुसार भुगतान की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

जनता दर्शन कार्यक्रम के अंत में अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को शीघ्र राहत मिल सके और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक प्रभावी रूप से पहुंचे।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक यातायात लोकजीत सिंह, विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी स्मृति परमार, उप जिलाधिकारी मुख्यालय अपूर्वा सिंह, उप नगर आयुक्त नगर निगम संतोष कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Tagged:
Share This Article