Menu
#News

सड़क पर खेल रहे मासूम पर पड़ोसी महिला ने छोड़ा कुत्ता, केस दर्ज

देहरादून के खुड़बुड़ा क्षेत्र में पड़ोसियों के बीच चल रहे विवाद ने उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब एक महिला पर सड़क पर खेल रहे एक मासूम बच्चे पर कुत्ता छोड़ने का आरोप लगा। घटना के बाद बच्चा घबरा गया और परिजनों ने तत्काल उसे सुरक्षित घर के अंदर …

By Hindi News 24x7 - News Editor
Last Updated: 03 जून, 2026
सड़क पर खेल रहे मासूम पर पड़ोसी महिला ने छोड़ा कुत्ता, केस दर्ज

देहरादून के खुड़बुड़ा क्षेत्र में पड़ोसियों के बीच चल रहे विवाद ने उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब एक महिला पर सड़क पर खेल रहे एक मासूम बच्चे पर कुत्ता छोड़ने का आरोप लगा। घटना के बाद बच्चा घबरा गया और परिजनों ने तत्काल उसे सुरक्षित घर के अंदर पहुंचाया। मामले में अशोक सहगल की शिकायत के आधार पर शहर कोतवाली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में खुड़बुड़ा मोहल्ला के रहने वाले अशोक सहगल ने बताया कि एक जून की सुबह उनका आठ वर्षीय बेटा अविरल सहगल गली में खेल रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली नीलम श्रीवास्तव ने उस पर अपना कुत्ता छोड़ दिया। कुत्ते के झपटने पर उनकी बेटी तनु सहगल भाई को बचाने पहुंची तो नीलम ने दोनों बच्चों को नाली में धक्का दे दिया और तनु के साथ मारपीट की। शिकायतकर्ता के अनुसार घटना में दोनों बच्चों को चोटें आईं, जिनका मेडिकल भी कराया गया है।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना का विरोध करने पर नीलम श्रीवास्तव ने गाली-गलौज की और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि महिला के पास कई आक्रामक और खतरनाक कुत्ते हैं, जिनके कारण क्षेत्र के बच्चे और अन्य निवासी भय के माहौल में रहने को मजबूर हैं। मोहल्लावासियों के अनुसार इस संबंध में पूर्व में भी कई बार मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और नगर निगम से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया।

वहीं दूसरे पक्ष की नीलम श्रीवास्तव ने भी पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि अशोक सहगल, उनकी पत्नी सुनैना सहगल और बेटी तनु ने उनके साथ मारपीट की। शहर कोतवाली प्रभारी हरिओम राज चौहान ने बताया कि पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

 

Tagged:
Share This Article