Menu
#Mumbai

देहरादून में दिल दहला देने वाली वारदात: मच्छी बाजार में युवती की चापड़ से सरेआम हत्या

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली घटना से दहल उठी। शहर के भीड़भाड़ वाले मच्छी बाजार क्षेत्र में सोमवार को एक सिरफिरे युवक ने सरेआम एक युवती की गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और …

By Hindi News 24x7 - News Editor
Last Updated: 04 फ़र, 2026
देहरादून में दिल दहला देने वाली वारदात: मच्छी बाजार में युवती की चापड़ से सरेआम हत्या

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली घटना से दहल उठी। शहर के भीड़भाड़ वाले मच्छी बाजार क्षेत्र में सोमवार को एक सिरफिरे युवक ने सरेआम एक युवती की गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।

मृतका की पहचान गुंजन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक आकाश कुमार पहले युवती के संपर्क में था, लेकिन जब युवती ने उससे बातचीत बंद कर दी तो वह लगातार उसे धमका रहा था। इस संबंध में युवती ने पहले ही खुड़बुड़ा पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी, बावजूद इसके कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी।

घर से चापड़ लेकर पहुंचा आरोपी

सोमवार को आरोपी आकाश कुमार, निवासी मन्नुगंज खुड़बुड़ा मोहल्ला, अपने घर से चापड़ लेकर मच्छी बाजार पहुंचा। वहां उसने भीड़ के बीच युवती पर अचानक हमला कर दिया और चापड़ से गले पर वार कर उसकी हत्या कर दी। दिनदहाड़े हुई इस नृशंस वारदात से बाजार में मौजूद लोग सन्न रह गए।

घटना की सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चापड़ भी आरोपी के कब्जे से बरामद कर ली है।

कोर्ट में पेशी के दौरान भड़का वकीलों का गुस्सा

हत्या के आरोपी को जब पुलिस न्यायालय में पेश करने ले गई, तो वहां मौजूद अधिवक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। कोर्ट परिसर में वकीलों ने आरोपी को घेरकर उसकी पिटाई कर दी। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने किसी तरह आरोपी को बचाया और न्यायालय के भीतर ले गई।

अधिवक्ताओं का कहना था कि समय रहते पुलिस ने युवती की शिकायत पर सख्त कदम उठाया होता, तो यह जघन्य हत्या रोकी जा सकती थी।

न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी

न्यायालय ने आरोपी आकाश कुमार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस घटना ने न केवल देहरादून बल्कि पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। युवती की बेरहमी से की गई हत्या के बाद आम जनता में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भारी नाराजगी है।

घटना के बाद से शहर में तनाव का माहौल बना हुआ है और लोग दोषी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं।

Tagged:
Share This Article