Menu
#Mumbai

झंडेजी मेले में उमड़ा आस्था का सैलाब, आज देहरादून में निकलेगी भव्य नगर परिक्रमा

देहरादून: दून के ऐतिहासिक झंडेजी मेले के दूसरे दिन गुरु राम राय दरबार साहिब में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से लेकर देर शाम तक हजारों श्रद्धालु दरबार साहिब पहुंचकर मत्था टेकते रहे और आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे परिसर में गुरु महाराज के जयकारों और धार्मिक माहौल के बीच …

By Hindi News 24x7 - News Editor
Last Updated: 10 मा, 2026
झंडेजी मेले में उमड़ा आस्था का सैलाब, आज देहरादून में निकलेगी भव्य नगर परिक्रमा

देहरादून: दून के ऐतिहासिक झंडेजी मेले के दूसरे दिन गुरु राम राय दरबार साहिब में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से लेकर देर शाम तक हजारों श्रद्धालु दरबार साहिब पहुंचकर मत्था टेकते रहे और आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे परिसर में गुरु महाराज के जयकारों और धार्मिक माहौल के बीच श्रद्धालुओं ने झंडेजी की परिक्रमा कर अपनी आस्था प्रकट की।

मेले के दौरान दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं की मौजूदगी से दरबार साहिब परिसर और आसपास के क्षेत्र में पूरे दिन रौनक बनी रही। श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और भक्ति के साथ दरबार साहिब में दर्शन किए और झंडेजी की परिक्रमा कर सुख-समृद्धि की कामना की। मेले के अवसर पर व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासन और दरबार साहिब प्रबंधन की ओर से भी विशेष इंतजाम किए गए थे।

परंपरा के अनुसार झंडेजी मेले के तीसरे दिन आज नगर परिक्रमा निकाली जाएगी। दरबार साहिब के सज्जादानशीन देवेन्द्र दास महाराज की अगुआई में यह नगर परिक्रमा शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरेगी। नगर परिक्रमा के दौरान कई सामाजिक और धार्मिक संगठनों द्वारा जगह-जगह स्वागत द्वार लगाए गए हैं।

चौक-चौराहों और मुख्य मार्गों पर श्रद्धालु नगर परिक्रमा का स्वागत पुष्पवर्षा के साथ करेंगे। शहर के कई स्थानों पर संगत और स्थानीय लोग श्रद्धालुओं के लिए जलपान और प्रसाद की व्यवस्था भी करेंगे। नगर परिक्रमा को लेकर शहर में उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है।

झंडेजी मेला देहरादून की आस्था, संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण प्रतीक माना जाता है, जिसमें हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर अपनी श्रद्धा अर्पित करते हैं।

Tagged:
Share This Article