Menu
#Mumbai

रुद्रपुर में बच्चा चोरी के शक में महिला से मारपीट, खंभे से बांधकर पीटने का वीडियो वायरल

रुद्रपुर: उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर स्थित ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में बच्चा चोरी के शक में एक महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों ने महिला को बिजली के खंभे से बांधकर उसकी पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के …

By Hindi News 24x7 - News Editor
Last Updated: 10 मा, 2026
रुद्रपुर में बच्चा चोरी के शक में महिला से मारपीट, खंभे से बांधकर पीटने का वीडियो वायरल

रुद्रपुर: उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर स्थित ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में बच्चा चोरी के शक में एक महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों ने महिला को बिजली के खंभे से बांधकर उसकी पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।

जानकारी के अनुसार, ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में कुछ लोगों को महिला पर बच्चा चोरी का शक हुआ। इसी शक के आधार पर भीड़ ने महिला को पकड़ लिया और उसे बिजली के खंभे से बांधकर पीटना शुरू कर दिया। वायरल हो रहे वीडियो में कई महिलाएं और पुरुष एक महिला को खंभे से बांधकर मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं।

बताया जा रहा है कि बाद में कुछ लोग महिला को ट्रांजिट कैंप कोतवाली ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में वह लोगों को चकमा देकर वहां से भाग गई। इसके बाद लोगों ने उसे खजूर वाली गली में दोबारा पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को अपने साथ कोतवाली ले गई। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि महिला मानसिक रूप से कमजोर है। पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि उसका पति उसे छोड़कर चला गया है और वह उसे तलाशते हुए इधर-उधर भटक रही थी।

ट्रांजिट कैंप कोतवाली के प्रभारी मोहन चंद्र पांडेय ने बताया कि महिला मानसिक रूप से कमजोर प्रतीत हुई और वह कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे पाई। पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि खंभे से बांधकर पिटाई का जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, वह उनके थाना क्षेत्र का नहीं है।

फिलहाल मामले को लेकर पुलिस सतर्कता बरत रही है और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो की भी जांच की जा रही है।

Tagged:
Share This Article