Menu
#National

पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान के विदेश मंत्री का आपत्तिजनक बयान, आतंकियों को बताया “स्वतंत्रता सेनानी”।

जम्मू-कश्मीर के पर्यटन स्थल पहलगाम में मंगलवार को हुए भीषण आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। इस हमले में 26 निर्दोष लोगों की जान चली गई, जिनमें अधिकांश पर्यटक थे। आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के छद्म संगठन ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (टीआरएफ) ने इस नृशंस हमले की जिम्मेदारी …

By Hindi News 24x7 - News Editor
Last Updated: 25 अप्र, 2025
पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान के विदेश मंत्री का आपत्तिजनक बयान, आतंकियों को बताया “स्वतंत्रता सेनानी”।

जम्मू-कश्मीर के पर्यटन स्थल पहलगाम में मंगलवार को हुए भीषण आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। इस हमले में 26 निर्दोष लोगों की जान चली गई, जिनमें अधिकांश पर्यटक थे। आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के छद्म संगठन ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (टीआरएफ) ने इस नृशंस हमले की जिम्मेदारी ली है।

हमले के बाद भारत सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए पाकिस्तान के खिलाफ पांच बड़े फैसले लिए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को राष्ट्रीय सुरक्षा मामलों की कैबिनेट समिति (CCS) की आपात बैठक हुई, जिसमें कड़े कदमों पर मुहर लगाई गई।

भारत के फैसले:

1. सिंधु जल संधि पर रोक लगाने का ऐलान किया गया है।

2. अटारी बॉर्डर पर एकीकृत जांच चौकी को तत्काल प्रभाव से बंद करने का फैसला लिया गया।

3. दक्षेस वीजा छूट योजना के तहत पाकिस्तानियों को भारत में प्रवेश की अनुमति रद्द की गई।

4. अतीत में जारी वीजा रद्द माने जाएंगे।

5. पाकिस्तान के खिलाफ राजनयिक और कूटनीतिक दबाव बढ़ाने के संकेत दिए गए हैं।

 

पाकिस्तान का विवादित बयान

इन फैसलों से पाकिस्तान में बेचैनी तो दिखी, लेकिन उसका रवैया शर्मनाक बना हुआ है। पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार ने हमले की निंदा करने के बजाय आतंकियों को “स्वतंत्रता सेनानी” कहकर नया विवाद खड़ा कर दिया। उनका कहना है कि पहलगाम हमलावर “आज़ादी के लिए लड़ने वाले” हो सकते हैं।सिंधु जल पर भारत के फैसले से तिलमिलाए डार ने धमकी देते हुए कहा कि पानी रोकना “240 मिलियन पाकिस्तानियों के लिए युद्ध जैसा कृत्य” होगा और पाकिस्तान हर मोर्चे पर जवाब देगा। वहीं पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा मुहम्मद आसिफ ने भारत पर हमला करने की योजना का आरोप लगाया और कहा कि अगर पाकिस्तान के नागरिकों को नुकसान हुआ, तो “भारतीय भी सुरक्षित नहीं रहेंगे।”

क्या हुआ था पहलगाम में?

हमला दोपहर के वक्त हुआ, जब ‘मिनी स्विट्जरलैंड’ कहे जाने वाले पहलगाम के खूबसूरत इलाके में सैकड़ों पर्यटक मौज-मस्ती में मशगूल थे। तभी हथियारों से लैस आतंकियों ने अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। इस हमले में दो विदेशी नागरिक और दो स्थानीय लोग भी मारे गए।

2019 के पुलवामा हमले के बाद यह घाटी में सबसे घातक आतंकी हमला माना जा रहा है, जिसने देशभर में गुस्से की लहर पैदा कर दी है।

भारत ने स्पष्ट कर दिया है कि अब आतंकी हमलों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और हर स्तर पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं पाकिस्तान के बेतुके बयानों से उसकी सोच एक बार फिर बेनकाब हुई है। आने वाले दिनों में भारत की रणनीति और भी सख्त हो सकती है।

Tagged:
Share This Article