Menu
#Mumbai

लगातार हो रही वर्षा के बीच नगर आयुक्त ने जलभराव संभावित क्षेत्रों, ड्रेनेज व्यवस्था एवं लेगेसी वेस्ट साइट का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

देहरादून। लगातार हो रही वर्षा तथा आगामी मानसून की तैयारियों के दृष्टिगत नगर आयुक्त आलोक पांडेय ने गुरुवार को नगर क्षेत्र के जलभराव संभावित स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दून अस्पताल चौक, प्रिंस चौक, सहारनपुर चौक, आईएसबीटी क्षेत्र तथा आईएसबीटी से कारगी चौक की ओर जाने …

By Hindi News 24x7 - News Editor
Last Updated: 02 जुल, 2026
लगातार हो रही वर्षा के बीच नगर आयुक्त ने जलभराव संभावित क्षेत्रों, ड्रेनेज व्यवस्था एवं लेगेसी वेस्ट साइट का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

देहरादून। लगातार हो रही वर्षा तथा आगामी मानसून की तैयारियों के दृष्टिगत नगर आयुक्त आलोक पांडेय ने गुरुवार को नगर क्षेत्र के जलभराव संभावित स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दून अस्पताल चौक, प्रिंस चौक, सहारनपुर चौक, आईएसबीटी क्षेत्र तथा आईएसबीटी से कारगी चौक की ओर जाने वाले मार्ग का भ्रमण कर जल निकासी एवं सफाई व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान आईएसबीटी से कारगी मार्ग पर कई स्थानों पर कूड़ा एवं गंदगी पाए जाने पर नगर आयुक्त ने गहरी नाराजगी व्यक्त की तथा संबंधित क्षेत्रीय सफाई निरीक्षक राजीव सैनी को चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सफाई कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।

नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राष्ट्रीय राजमार्ग (NHAI), लोक निर्माण विभाग (PWD) के साथ समन्वय स्थापित कर नाला नालियों के ऊपर से स्लैब हटाते हुए जमा मलबा, कूड़ा एवं अन्य अवरोधों को तत्काल हटाया जाए तथा सभी नालियों और जल निकासी तंत्र की प्रभावी सफाई सुनिश्चित की जाए, जिससे वर्षा के दौरान जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो।
इसके उपरांत नगर आयुक्त ने नगर निगम के ट्रांसफर स्टेशन का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्लांट के संचालन में पाई गई कमियों एवं खराब मशीनों को लेकर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की तथा सभी खराब मशीनों को तत्काल दुरुस्त कर प्लांट का सुचारु एवं व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कारगी ट्रांसफर स्टेशन में हो रही व्यवस्थाओं के संबंध में स्मार्ट सिटी को पत्र प्रेषित करने के निर्देश भी दिए गए।

इसके बाद नगर आयुक्त ने नगर क्षेत्र में चल रहे नदी-नालों की सफाई कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून के पूर्ण रूप से सक्रिय होने से पूर्व सभी सफाई कार्य युद्धस्तर पर पूर्ण किए जाएं, ताकि वर्षा के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के अंतिम चरण में नगर आयुक्त ने सहस्त्रधारा स्थित लेगेसी वेस्ट साइट का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यों की धीमी प्रगति एवं बढ़ती लापरवाही पर प्लांट प्रबंधन के अधिकारियों के प्रति कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि आगामी मानसून को देखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाएं। लेगेसी वेस्ट साइट की व्यवस्थाओं में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कंपनी के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

नगर आयुक्त ने कहा कि मानसून के दौरान नागरिकों की सुरक्षा एवं जलभराव की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए नगर निगम पूरी तरह सतर्क है तथा सभी संबंधित अधिकारियों को नियमित निरीक्षण एवं त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण टीम में उप नगर आयुक्त तनवीर मारवाह, मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ आनंद शुक्ला और सहायक नगर आयुक्त राजवीर चौहान आदि शामिल थे।

Tagged:
Share This Article