पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दूसरे और आखिरी चरण के लिए आज वोटिंग हो रही है. 294 सदस्यीय विधानसभा में से आज शेष बचे 142 सीटों पर वोटिंग हो रही है. आज जिन हाई-प्रोफाइल सीटों पर वोटिंग हो रही है, उनमें भवानीपुर भी है, जहाँ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का मुकाबला विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी से है. वह नंदीग्राम से भी चुनाव लड़ रहे हैं, जहाँ से वह बीजेपी के मौजूदा विधायक हैं. आज हुगली (18), हावड़ा (16), कोलकाता (11), नदिया (17), उत्तर 24 परगना (33), पूर्वी बर्धमान (16) और दक्षिण 24 परगना (31) जिलों में वोटिंग हो रही है. दूसरे चरण में कुल 1448 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं. इनमें 218 महिला उम्मीदवार हैं. 266 मुस्लिम उम्मीदवार हैं, जिनमें से 25 महिलाएं हैं. चुनाव आयोग के अनुसार इन 142 सीटों पर कुल 3,21,73,837 वोटर हैं. इससे पहले 23 अप्रैल को 152 सीटों पर पहले चरण की वोटिंग हुई. चुनाव आयोग की ओर से राज्य में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव कराने को लेकर व्यापक प्रबंध किए गए हैं. दूसरे चरण के 142 निर्वाचन क्षेत्रों में से टीएमसी ने पिछले चुनाव में 123 सीटें जीती थी जबकि भाजपा को मात्र 18 सीटों पर संतोष करना पड़ा था.
#Mumbai