Menu
#Mumbai

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परेड ग्राउंड में रावण दहन कार्यक्रम में लिया भाग, दी विजयदशमी की शुभकामनाएं

उत्तराखंड, 3 अक्टूबर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विजयदशमी पर्व के अवसर पर परेड ग्राउंड में आयोजित दशहरा महोत्सव और रावण दहन कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को विजयदशमी की शुभकामनाएं दी और सभी प्रदेशवासियों के लिए स्वस्थ जीवन, उज्ज्वल भविष्य, सुख और समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री …

By Hindi News 24x7 - News Editor
Last Updated: 03 अक्ट, 2025
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परेड ग्राउंड में रावण दहन कार्यक्रम में लिया भाग, दी विजयदशमी की शुभकामनाएं

उत्तराखंड, 3 अक्टूबर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विजयदशमी पर्व के अवसर पर परेड ग्राउंड में आयोजित दशहरा महोत्सव और रावण दहन कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को विजयदशमी की शुभकामनाएं दी और सभी प्रदेशवासियों के लिए स्वस्थ जीवन, उज्ज्वल भविष्य, सुख और समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दशहरे का पर्व हमारी सांस्कृतिक धरोहर का अमूल्य हिस्सा होने के साथ-साथ मानव जीवन में धर्म, सत्य और मर्यादा के महत्व की सीख भी देता है। यह पर्व रावण जैसे अहंकारी और अधर्मी के अंत और भगवान राम के आदर्श जीवन के गुणों की याद दिलाता है। रावण के पास अपार बल और शक्तिशाली सेना होने के बावजूद उसके अहंकार और अधर्म ने उसे पराजित कर दिया। इस त्योहार का संदेश है कि अहंकार और अधर्म अंततः हारते हैं।

उन्होंने कहा कि आज हमें केवल पुतला दहन नहीं करना है, बल्कि इस पर्व से प्रेरणा लेकर अपने अंदर की बुराइयों का त्याग कर सत्य, धर्म और मानवता की राह पर चलने का संकल्प लेना चाहिए। राम के आदर्श जीवन ने न केवल भारतीय संस्कृति को आकार दिया बल्कि पूरी मानवता को भी प्रेरित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समय बदलने के बावजूद समाज में कई “रावणों” का संहार करना बाकी है। उन्होंने कहा कि जीएसटी क्षेत्र में केंद्र सरकार के सकारात्मक निर्णय से उत्तराखंड सहित देश के व्यापारियों और उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा। दीपावली से पहले यह निर्णय प्रदेशवासियों के लिए सुखद और लाभकारी तोहफा है।

मुख्यमंत्री ने सभी उत्तराखंडवासियों से अपील की कि वे आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान दें और देश को विश्व गुरु बनाने के संकल्प को साकार करने में भागीदार बनें। उन्होंने याद दिलाया कि केदारनाथ धाम से यह संकल्प लिया गया था कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का होगा। यह जिम्मेदारी केवल सरकार की नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश की है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक के योगदान से शिक्षा, पर्यटन, उद्योग, कृषि और स्वरोजगार जैसे क्षेत्रों में उत्तराखंड देश का अग्रणी राज्य बन सकता है। राज्य सरकार इस लक्ष्य को साकार करने के लिए निरंतर कार्यरत है और आत्मनिर्भर उत्तराखंड के निर्माण के साथ-साथ आत्मनिर्भर भारत में उत्तराखंड की महत्वपूर्ण भूमिका सुनिश्चित कर रही है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से एकजुट होकर इस संकल्प को साकार करने का आह्वान किया और कहा कि प्रभु राम के आदर्शों से प्रेरणा लेकर उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक खजानदास, सविता कपूर सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Tagged:
Share This Article