Menu
#Mumbai

2027 चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस, दो दिवसीय देहरादून दौरे पर पहुंचे के.सी. वेणुगोपाल

उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने अपनी संगठनात्मक गतिविधियों को तेज कर दिया है। इसी कड़ी में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल दो दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंचे, जहां उनका पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। मौसम खराब होने के …

By Hindi News 24x7 - News Editor
Last Updated: 09 जुल, 2026
2027 चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस, दो दिवसीय देहरादून दौरे पर पहुंचे के.सी. वेणुगोपाल

उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने अपनी संगठनात्मक गतिविधियों को तेज कर दिया है। इसी कड़ी में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल दो दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंचे, जहां उनका पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया।

मौसम खराब होने के कारण वेणुगोपाल का हवाई यात्रा का कार्यक्रम बदल गया और उन्हें सड़क मार्ग से देहरादून पहुंचना पड़ा। राजपुर रोड स्थित कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय पहुंचने पर उन्होंने सबसे पहले वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की और इसके बाद पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में कार्यकर्ता इस दौरान मौजूद रहे।

मुख्यालय में कार्यक्रम के बाद वेणुगोपाल राजपुर रोड स्थित एक होटल पहुंचे, जहां प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) के सदस्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्षों और अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान वेणुगोपाल पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, विभिन्न प्रकोष्ठों, विभागों और अनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारियों से अलग-अलग बैठक करेंगे। इन बैठकों में संगठन को मजबूत बनाने, बूथ स्तर तक पार्टी को सक्रिय करने और 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है। साथ ही राज्य के मौजूदा राजनीतिक हालात और विपक्ष की भूमिका पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

कांग्रेस हाईकमान लगातार उत्तराखंड की राजनीतिक गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। यही वजह है कि हाल के महीनों में पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं का राज्य दौरा बढ़ा है। इन दौरों का उद्देश्य संगठन को मजबूत करना, कार्यकर्ताओं में उत्साह भरना और आगामी चुनावों के लिए स्पष्ट रणनीति तैयार करना है।

प्रदेश कांग्रेस भी मैदान में सक्रिय नजर आ रही है। पार्टी विभिन्न जिलों में जनसंपर्क यात्राएं निकाल रही है और भाजपा सरकार की नीतियों एवं कार्यशैली को लेकर जनता के बीच अपनी बात रख रही है। इसके साथ ही कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव में जनता से समर्थन हासिल करने के लिए लगातार अभियान चला रही है।

Tagged:
Share This Article