Menu
#News

हरियाणा में कांग्रेस को मिलेगा नया प्रदेश अध्यक्ष, बैठकों का दौर जारी

नई दिल्ली । कांग्रेस में प्रशांत किशोर के आने की चर्चा के बीच हरियाणा कांग्रेस में एक अहम बदलाव हो सकता है। उम्मीद लगाई जा रही है कि जल्द ही नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति की जा सकती है। हरियाणा कांग्रेस में नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर चर्चा …

By Hindi News 24x7 - News Editor
Last Updated: 26 अप्र, 2022
हरियाणा में कांग्रेस को मिलेगा नया प्रदेश अध्यक्ष, बैठकों का दौर जारी

नई दिल्ली । कांग्रेस में प्रशांत किशोर के आने की चर्चा के बीच हरियाणा कांग्रेस में एक अहम बदलाव हो सकता है। उम्मीद लगाई जा रही है कि जल्द ही नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति की जा सकती है। हरियाणा कांग्रेस में नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर चर्चा के लिए प्रभारी विवेक बंसल ने मंगलवार को कांग्रेस के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल से मुलाकात कर इस संबंध में उनसे चर्चा की। सूत्रों के अनुसार इस बैठक में बंसल के साथ कुलदीप विश्नोई भी मौजूद रहे।

इससे पहले सोमवार देर शाम, हरियाणा के नए अध्यक्ष के चयन को लेकर विवेक बंसल ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से भी मुलाकात की थी। कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रभारी को सर्वसम्मति से पार्टी नेताओं से बातचीत कर कुछ नाम सुझाने को कहा था। जिसके बाद मंगलवार को विवेक बंसल वेणुगोपाल से उनके आवास पर मुलाकात करने पहुंचे।

वहीं हरियाणा नेताओं ने शनिवार को भी नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर कांग्रेस के वॉर रूम कहे जाने वाले 15 जीआरजी (गुरुद्वारा रकाबगंज रोड) में कई घंटे की बैठक की थी। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस संगठन महासचिव वेणुगोपाल, अंबिका सोनी और ए.के. एंटनी शामिल हुए।

दरअसल इस बैठक से पहले प्रदेश अध्यक्ष के लिए हुड्डा खेमे की ओर से हाईकमान के समक्ष कुछ नाम सुझाए गए थे। इनमें राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा, पूर्व शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप शर्मा और पूर्व विधायक उदयभान के नाम शामिल हैं। अब कहा जा रहा है कि हाईकमान की ओर से चार बार विधायक रहे उदयभान के नाम पर सहमति बनाने को कहा गया है। उदयभान अनुसूचित जाति के हैं।

जिसके बाद से यह उम्मीद लगाई जा रही है कि हरियाणा में कांग्रेस का नया अध्यक्ष अनुसूचित जाति से हो सकता है। उदयभान, भूपेंद्र सिंह हुड्डा के काफी नजदीकी माने जाते हैं। पहले उनका पलवल के विधायक और पूर्व मंत्री करण सिंह दलाल से राजनीतिक मतभेद रहता था, मगर अब बताया जा रहा है कि हुड्डा को उदयभान का नाम दलाल ने ही सुझाया है। करण सिंह दलाल पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा के समधी हैं।

प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर हुड्डा खेमे में काफी उत्साह बना हुआ है। सूत्रों के अनुसार भूपेंद्र सिंह हुड्डा कांग्रेस विधायक दल के नेता और नेता प्रतिपक्ष रहेंगे। प्रदेश कांग्रेस में लंबे समय से हुड्डा और कुमारी शैलजा गुट में खींचतान चल रही है।

Tagged:
Share This Article