Menu
#News

राष्ट्रीय सांख्यिकी दिवस पर देहरादून साइक्लिंग क्लब ने निकाली श्रद्धांजलि साइकिल राइड

राष्ट्रीय सांख्यिकी दिवस तथा भारतीय सांख्यिकी के जनक प्रोफेसर पी.सी. महालनोबिस की जयंती के अवसर पर देहरादून साइक्लिंग क्लब द्वारा एक विशेष श्रद्धांजलि साइकिल राइड का आयोजन किया गया। यह राइड बल्लूपुर चौक से प्रारंभ होकर यूपीईएस विश्वविद्यालय तक आयोजित की गई।       प्रातःकाल क्लब के सदस्य बल्लूपुर …

By Hindi News 24x7 - News Editor
Last Updated: 30 जून, 2026
राष्ट्रीय सांख्यिकी दिवस पर देहरादून साइक्लिंग क्लब ने निकाली श्रद्धांजलि साइकिल राइड

राष्ट्रीय सांख्यिकी दिवस तथा भारतीय सांख्यिकी के जनक प्रोफेसर पी.सी. महालनोबिस की जयंती के अवसर पर देहरादून साइक्लिंग क्लब द्वारा एक विशेष श्रद्धांजलि साइकिल राइड का आयोजन किया गया। यह राइड बल्लूपुर चौक से प्रारंभ होकर यूपीईएस विश्वविद्यालय तक आयोजित की गई।

 

 

 

प्रातःकाल क्लब के सदस्य बल्लूपुर चौक पर एकत्रित हुए, जहां से राइड की शुरुआत हुई। साइकिल चालकों ने बल्लूपुर चौक से प्रेमनगर, नंदा की चौकी, पौंधा होते हुए यूपीईएस विश्वविद्यालय तक साइकिलिंग की तथा इसके पश्चात उसी मार्ग से वापस लौटे।

 

इस अवसर पर क्लब के अध्यक्ष हरिसिमरन सिंह ने उपस्थित साइकिल चालकों को राष्ट्रीय सांख्यिकी दिवस के महत्व तथा प्रोफेसर प्रशांत चंद्र महालनोबिस के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रो. महालनोबिस भारत के प्रथम योजना आयोग के सदस्य रहे तथा देश में सांख्यिकी विज्ञान को नई दिशा देने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके द्वारा विकसित महालनोबिस दूरी (Mahalanobis Distance) एवं नमूना सर्वेक्षण (Sample Survey) की अवधारणाओं का आज भी व्यापक उपयोग किया जाता है।

 

उन्होंने कहा कि सांख्यिकी का महत्व केवल शोध और शिक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि हमारे दैनिक जीवन, जनमत सर्वेक्षण (Exit Poll), सरकारी योजनाओं, आर्थिक नीतियों तथा पीएचडी अनुसंधान में सैंपलिंग तकनीकों के माध्यम से भी इसका व्यापक उपयोग होता है। उन्होंने युवाओं को सांख्यिकी विषय में उपलब्ध रोजगार एवं शोध के अवसरों के बारे में भी जानकारी दी।

 

इस राइड में सुरेन्द्र कुमार, ध्रुव अग्रवाल, प्रांजल कपूर, प्रणय पंत, अर्नब पॉल, चैतन्य जोशी, बलदेव डोगरा, हरिसिमरन सिंह, चित्रांग, हैरिस, अमन तथा रुद्र सहित अनेक साइकिल चालकों ने सहभागिता की।

 

देहरादून साइक्लिंग क्लब ने भविष्य में भी सामाजिक जागरूकता, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण तथा राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर इसी प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प व्यक्त किया।

Tagged:
Share This Article