Menu
#Mumbai

देहरादून युवती मर्डर केस: 31 जनवरी को दी थी जान से मारने की धमकी, एसएसपी ने बताया क्यों नहीं पकड़ सकी पुलिस

देहरादून। राजधानी के मच्छी बाजार स्थित दूल्हा ड्रेस मार्केट में 23 वर्षीय युवती की दिनदहाड़े निर्मम हत्या से शहर में आक्रोश फैल गया है। चापड़ से गला रेतकर की गई इस वारदात ने न सिर्फ बाजार में मौजूद लोगों को दहला दिया, बल्कि कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए। …

By Hindi News 24x7 - News Editor
Last Updated: 03 फ़र, 2026
देहरादून युवती मर्डर केस: 31 जनवरी को दी थी जान से मारने की धमकी, एसएसपी ने बताया क्यों नहीं पकड़ सकी पुलिस

देहरादून। राजधानी के मच्छी बाजार स्थित दूल्हा ड्रेस मार्केट में 23 वर्षीय युवती की दिनदहाड़े निर्मम हत्या से शहर में आक्रोश फैल गया है। चापड़ से गला रेतकर की गई इस वारदात ने न सिर्फ बाजार में मौजूद लोगों को दहला दिया, बल्कि कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए। मामले में देहरादून के एसएसपी अजय सिंह ने अहम खुलासे किए हैं और बताया है कि शिकायत के बावजूद आरोपी को पहले क्यों नहीं पकड़ा जा सका।

Photo source- Social Media

शादी के बाद गुंजन ने तोड़ी बातचीत
पुलिस के मुताबिक, गुंजन और आरोपी आकाश कुमार के बीच पिछले दो वर्षों से जान-पहचान थी। गुंजन मच्छी बाजार के दूल्हा कपड़ा मार्केट की एक दुकान में काम करती थी। कुछ समय पहले आकाश की शादी हो गई, जिसके बाद गुंजन ने उससे मिलना-जुलना और बातचीत बंद कर दी। यह बात आकाश को स्वीकार नहीं थी।

रोजाना पीछा और परेशान करना
आरोप है कि आकाश कुमार लगातार गुंजन का पीछा करता और उसे परेशान करता था। गुंजन कई बार उसे मना कर चुकी थी और उससे बचने की कोशिश करती रहती थी, लेकिन आकाश अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था।

31 जनवरी को दी थी धमकी
31 जनवरी को आकाश ने गुंजन का रास्ता रोकने की कोशिश की। जब गुंजन वहां से निकलने लगी तो उसने उसे जान से मारने की धमकी दी। इस घटना के बाद गुंजन ने तत्काल देहरादून नगर कोतवाली की खुड़बुड़ा चौकी में शिकायत दर्ज कराई और अपनी जान को खतरा बताया।

पुलिस ने की थी तलाश, आरोपी था फरार
एसएसपी अजय सिंह के अनुसार, शिकायत मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। आरोपी का फोन बंद मिला और पुलिस ने दो-तीन बार उसके घर पर दबिश दी, लेकिन वह वहां नहीं मिला। आरोपी की पत्नी ने पुलिस को बताया कि आकाश तीन दिनों से घर नहीं आया था और फोन बंद कर गायब था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी रही, लेकिन वह हाथ नहीं लगा।

दिनदहाड़े की वारदात, आरोपी गिरफ्तार
एसएसपी ने बताया कि घटना मंगलवार सुबह करीब 10 बजे की है। गुंजन ने दुकान के बाहर अपनी स्कूटी खड़ी की थी, तभी आकाश वहां पहुंचा और चापड़ से उस पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल गुंजन को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।

सोशल मीडिया पर फोटो-वीडियो न फैलाने की अपील
घटना के बाद सोशल मीडिया पर युवती की फोटो और वीडियो वायरल होने लगे, जिस पर पुलिस ने सख्त आपत्ति जताई है। एसएसपी अजय सिंह ने लोगों से अपील की है कि मृतका की तस्वीरें और वीडियो साझा न करें। ऐसा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Tagged:
Share This Article