Menu
#Destinations

देहरादून: भारी बारिश की चेतावनी पर स्कूल-आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित

देहरादून: जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल ने मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर सोमवार को एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए जनपद के समस्त शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून एवं राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के नेशनल डिजास्टर अलर्ट …

By Hindi News 24x7 - News Editor
Last Updated: 12 अग, 2025

देहरादून: जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल ने मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर सोमवार को एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए जनपद के समस्त शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून एवं राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल द्वारा जारी नवीनतम मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 12 अगस्त 2025 को देहरादून जनपद में कहीं-कहीं भारी से अत्यंत भारी वर्षा होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी देते हुए “ऑरेंज अलर्ट” जारी किया है।

वर्तमान में जनपद के समस्त क्षेत्रों में मध्यम से भारी वर्षा के कारण संवेदनशील स्थानों पर भूस्खलन और अचानक बाढ़ की संभावना बढ़ गई है। इससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना घटित होने का खतरा है। आपदा जोखिम को कम करने के दृष्टिकोण से जिलाधिकारी ने यह निर्णय लिया है।

डीएम के आदेशानुसार, देहरादून जनपद के कक्षा 1 से 12 तक संचालित होने वाले समस्त सरकारी, गैर-सरकारी और निजी स्कूलों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्र 12 अगस्त 2025 को बंद रहेंगे। जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी देहरादून को निर्देशित किया है कि वे समस्त शैक्षणिक संस्थानों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में इस आदेश का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित कराएं।

यह निर्णय छात्र-छात्राओं और शिक्षकों की सुरक्षा को देखते हुए लिया गया है ताकि प्रतिकूल मौसम की स्थिति में किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।

Tagged:
Share This Article