Menu
#Mumbai

होली से पहले देहरादून के बाजारों में बढ़ी रौनक , पुलिस प्रशासन भी अलर्ट

देहरादून/मसूरी/लक्सर/ऊधमसिंहनगर। रंगों के पर्व होली को लेकर पूरे देश में उत्साह चरम पर है। बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है और जगह-जगह होली मिलन समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। वहीं पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह …

By Hindi News 24x7 - News Editor
Last Updated: 28 फ़र, 2026
होली से पहले देहरादून के बाजारों में बढ़ी रौनक , पुलिस प्रशासन भी अलर्ट

देहरादून/मसूरी/लक्सर/ऊधमसिंहनगर। रंगों के पर्व होली को लेकर पूरे देश में उत्साह चरम पर है। बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है और जगह-जगह होली मिलन समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। वहीं पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद हो गया है।

मसूरी में महिला होली मिलन समारोह

पर्यटन नगरी मसूरी में मसूरी नगर पालिका की पूर्व सभासद सरिता पवार द्वारा लक्ष्मी नारायण मंदिर सभागार में भव्य महिला होली मिलन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मसूरी से कांग्रेस विधायक जोत सिंह गुनसोला और पूर्व पालिका अध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल ने दीप प्रज्वलित कर किया।

समारोह में बड़ी संख्या में महिलाओं, बच्चों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। पारंपरिक रंगों के स्थान पर फूलों की होली खेली गई, जिससे वातावरण सौहार्दपूर्ण और आध्यात्मिक बना रहा। महिलाओं और बच्चों ने एक-दूसरे पर पुष्पवर्षा कर होली का आगाज़ किया।

लक्सर बाजारों में बढ़ी चहल-पहल

लक्सर के बाजारों में भी होली की रंगत साफ दिखाई दे रही है। दुकानों पर रंग-बिरंगे गुलाल, अबीर और आकर्षक डिजाइन की पिचकारियां सजी हैं। दुकानदारों के अनुसार इस बार अलग-अलग डिजाइन की पिचकारियों की मांग सबसे अधिक है।

बच्चों के बीच पब्जी, डोरेमोन, स्पाइडर-मैन, मोटू-पतलू और हथौड़ा पिचकारियां खासा आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। इसके अलावा मोदी जी और योगी जी के मुखौटे भी लोगों को पसंद आ रहे हैं। थोक और फुटकर बाजारों में ग्राहकों की अच्छी खासी भीड़ देखी जा रही है। दुकानदार ग्राहकों को लुभाने के लिए विशेष डिजाइन वाली पिचकारियां मंगा रहे हैं।

ऊधमसिंहनगर में पुलिस अलर्ट

होली और होलिका दहन को लेकर ऊधमसिंहनगर में पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पर्व की आड़ में शांति भंग करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।

संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। कच्ची शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है और महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि त्योहार को प्रेम और सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें।

Tagged:
Share This Article