Menu
#News

मिडिल ईस्ट में तनाव का असर: 10 दिनों में तीसरी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, सीएनजी भी हुई महंगी.

नई दिल्ली: मिडिल ईस्ट (मध्य पूर्व) में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव का सीधा असर अब आम जनता की जेब पर दिखने लगा है. सरकारी तेल कंपनियों ने शनिवार सुबह एक बार फिर पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में भारी बढ़ोतरी कर दी है. पिछले 10 दिनों के भीतर ईंधन के …

By Hindi News 24x7 - News Editor
Last Updated: 23 मई, 2026
मिडिल ईस्ट में तनाव का असर: 10 दिनों में तीसरी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, सीएनजी भी हुई महंगी.

नई दिल्ली:

मिडिल ईस्ट (मध्य पूर्व) में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव का सीधा असर अब आम जनता की जेब पर दिखने लगा है. सरकारी तेल कंपनियों ने शनिवार सुबह एक बार फिर पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में भारी बढ़ोतरी कर दी है. पिछले 10 दिनों के भीतर ईंधन के दामों में यह तीसरी वृद्धि है, जिसके कारण देश भर में पेट्रोल और डीजल करीब 5 रुपये तक महंगे हो गए हैं. इस ताजा बढ़ोतरी से माल ढुलाई महंगी होने की आशंका है, जिससे आने वाले दिनों में खाने-पीने की चीजों समेत रोजमर्रा के सामानों की कीमतें और बढ़ सकती हैं.

​10 दिनों में 5 रुपये की भारी बढ़ोतरी

ताजा संशोधन के मुताबिक, शनिवार को पेट्रोल की कीमतों में करीब 87 पैसे और डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है. इससे पहले, तेल कंपनियों ने 15 मई को पेट्रोल-डीजल के दामों में 3-3 रुपये की एकमुश्त भारी बढ़ोतरी की थी. इसके बाद 19 मई को दोबारा कीमतों में क्रमशः 87 पैसे और 91 पैसे का इजाफा किया गया था. लगातार हो रही इस बढ़ोतरी से मिडिल क्लास और नौकरीपेशा लोगों का बजट पूरी तरह गड़बड़ा गया है.

​राजधानी दिल्ली में नई कीमतें

शनिवार को हुई बढ़ोतरी के बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 87 पैसे बढ़कर 99.51 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गई है, जो इससे पहले 98.64 रुपये प्रति लीटर थी. वहीं, डीजल की कीमत 91 पैसे की बढ़ोतरी के साथ 91.58 रुपये से बढ़कर 92.49 रुपये प्रति लीटर हो गई है.

​पेट्रोल-डीजल के साथ-साथ सीएनजी के दामों में भी 1 रुपये प्रति किलो का इजाफा किया गया है. इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में सीएनजी की नई कीमत 81.09 रुपये प्रति किलो हो गई है, जिससे ऑटो, कैब और सार्वजनिक परिवहन से सफर करना और महंगा हो जाएगा.

​चार प्रमुख महानगरों में आज के ताजा रेट्स

​ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद देश के चारों प्रमुख महानगरों में पेट्रोल और डीजल के नए रेट इस प्रकार हैं:

शहर पेट्रोल (रुपये/लीटर) डीजल (रुपये/लीटर)

दिल्ली 99.51 92.49

मुंबई 108.49 95.02

कोलकाता 110.64 97.02

चेन्नई 105.31 96.98

घबराने की जरूरत नहीं, देश में ईंधन का पर्याप्त स्टॉक’: पेट्रोलियम मंत्रालय

लगातार बढ़ती कीमतों और सोशल मीडिया पर तेल की किल्लत को लेकर उड़ रही अफवाहों के बीच केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्रालय ने जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है. मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर एक आधिकारिक बयान जारी कर कहा, “देश में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और घबराने की कोई बात नहीं है. ईंधन की सप्लाई पूरी तरह से स्थिर और सुचारू बनी हुई है.” मंत्रालय ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और परेशान न हों.

Tagged:
Share This Article