Menu
#Mumbai

ऋषिकेश में एमडीडीए का बड़ा एक्शन: पशुलोक में बहुमंजिला भवन सील,

देहरादून, 12 फरवरी 2026: मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने ऋषिकेश क्षेत्र में अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लाटिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए सीलिंग और ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। प्राधिकरण का कहना है कि यह कार्रवाई क्षेत्र में सुनियोजित विकास सुनिश्चित करने और नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए …

By Hindi News 24x7 - News Editor
Last Updated: 12 फ़र, 2026
ऋषिकेश में एमडीडीए का बड़ा एक्शन: पशुलोक में बहुमंजिला भवन सील,

देहरादून, 12 फरवरी 2026: मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने ऋषिकेश क्षेत्र में अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लाटिंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए सीलिंग और ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। प्राधिकरण का कहना है कि यह कार्रवाई क्षेत्र में सुनियोजित विकास सुनिश्चित करने और नियमों के उल्लंघन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए की जा रही है।

एमडीडीए की टीम ने गली नंबर 10, निर्मल बाग, ब्लॉक-बी, पशुलोक (ऋषिकेश) में श्रवण उर्फ श्रवि द्वारा बिना स्वीकृत मानचित्र के किए जा रहे बहुमंजिला निर्माण को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज, अवर अभियंता पूनम सकलानी, अमित भारद्वाज, सुपरवाइजर एवं पुलिस बल मौजूद रहा।

इसके अलावा खेरिकला स्यामपुर, ऋषिकेश में सुनील रावत द्वारा लगभग पांच बीघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया। टीम ने मौके पर बनाई गई अवैध सड़कों और भू-खंडों के सीमांकन को हटाकर प्लाटिंग निरस्त कर दी।

इसी क्रम में रायवाला क्षेत्र में संदीप रावत द्वारा करीब छह बीघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लाटिंग पर भी बुलडोजर कार्रवाई की गई। प्राधिकरण ने संबंधित लोगों को भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी दी है।

एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्पष्ट किया कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लाटिंग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी संपत्ति में निवेश से पहले प्राधिकरण से विधिवत जानकारी अवश्य प्राप्त करें।

सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

एमडीडीए की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध निर्माण करने वालों में हड़कंप की स्थिति है।

Tagged:
Share This Article