Menu
#News

शीशमबाड़ा प्लांट की समस्याओं के समाधान को लेकर नगर आयुक्त सख्त, कूड़ा निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश

देहरादून, । नगर निगम देहरादून के नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय की अध्यक्षता में शुक्रवार को शीशमबाड़ा प्लांट में कूड़ा निस्तारण एवं प्लांट से जुड़ी समस्याओं के समाधान को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर आयुक्त ने सभी पक्षों की बात गंभीरता से सुनते हुए प्लांट पर …

By Hindi News 24x7 - News Editor
Last Updated: 24 जुल, 2026
शीशमबाड़ा प्लांट की समस्याओं के समाधान को लेकर नगर आयुक्त सख्त, कूड़ा निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश

देहरादून, । नगर निगम देहरादून के नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडेय की अध्यक्षता में शुक्रवार को शीशमबाड़ा प्लांट में कूड़ा निस्तारण एवं प्लांट से जुड़ी समस्याओं के समाधान को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर आयुक्त ने सभी पक्षों की बात गंभीरता से सुनते हुए प्लांट पर लंबे समय से जमा कूड़े के शीघ्र एवं वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण के लिए संबंधित कंपनी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि प्लांट का संचालन निर्धारित पर्यावरणीय एवं तकनीकी मानकों के अनुरूप किया जाए तथा कूड़ा निस्तारण की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित फर्म को वर्तमान समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक के दौरान पछवादून संयुक्त समिति द्वारा पूर्व में उठाई गई मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। स्थानीय जनता की आपत्तियों एवं संयुक्त समिति की मांगों को ध्यान में रखते हुए शीशमबाड़ा प्लांट के स्थानांतरण के लिए भूमि चयन की पहले से चल रही प्रक्रिया में तेजी लाने तथा इस विषय में प्रतिमाह समीक्षा बैठक आयोजित करने पर भी सहमति बनी।


नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास समिति एवं स्थानीय नागरिकों से जुड़े लंबित मामलों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्रवासियों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सके।
बैठक में नगर स्वास्थ्य अधिकारी, सहायक नगर आयुक्त, पछवादून संयुक्त समिति के सदस्य, प्लांट के प्रतिनिधि तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।उपस्थित प्रमुख लोगों में राजेंद्र गंगारी, अमित अग्रवाल, अरुण कुमार, उमा देवी पंवार, नीना गुप्ता सहित अन्य स्थानीय नागरिक शामिल रहे।

Tagged:
Share This Article