Menu
#News

हरिद्वार में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता जांचने पहुंचीं एनएचएम की निदेशक स्वाति भदौरिया

हरिद्वार: राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) की निदेशक स्वाति एस. भदौरिया ने आज हरिद्वार जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया और कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए। निदेशक भदौरिया ने सबसे पहले महिला चिकित्सालय चैनराय …

By Hindi News 24x7 - News Editor
Last Updated: 16 मई, 2025
हरिद्वार में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता जांचने पहुंचीं एनएचएम की निदेशक स्वाति भदौरिया

हरिद्वार: राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) की निदेशक स्वाति एस. भदौरिया ने आज हरिद्वार जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया और कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए। निदेशक भदौरिया ने सबसे पहले महिला चिकित्सालय चैनराय का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने ओपीडी, पैथोलॉजी लैब और इमरजेंसी वार्ड की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने पैथोलॉजी लैब के कार्य समय को बढ़ाकर दोपहर 1:00 बजे तक करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक मरीजों को सुविधा मिल सके।

क्षय रोग चिकित्सालय में दवाओं की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को स्टॉक समाप्त होने से पहले ही नई दवाइयों की मांग भेजने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहादराबाद और आत्मलपुर बौंगला मातृत्व एवं शिशु कल्याण केंद्र का दौरा किया, जहां उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं से सीधे फीडबैक लिया।

निरीक्षण के दौरान बहादराबाद ब्लॉक में वित्तीय अनियमितताएं पाए जाने पर निदेशक ने सख्त कार्रवाई करते हुए ब्लॉक अकाउंटेंट अनुज गुप्ता को कारण बताओ नोटिस जारी करने के आदेश दिए। साथ ही एक सप्ताह के भीतर राज्य स्तरीय टीम द्वारा ऑडिट कराने के निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के बाद मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय, रोशनाबाद में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वाति भदौरिया ने स्टाफ नर्स की कमी वाले स्थानों पर तत्काल नियुक्तियां करने, आरबीएसके के तहत बच्चों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और आशा कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह ने निदेशक को सभी निर्देशों के अनुपालन का आश्वासन दिया। समीक्षा बैठक में एसीएमओ डॉ. अनिल वर्मा, पीएमएस डॉ. विजयेश भारद्वाज समेत अन्य वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी मौजूद रहे।

Tagged:
Share This Article