Menu
#Destinations

उत्तराखंड में आज निहंगों की बैठक, हिमाचल बॉर्डर पर सुरक्षा बढ़ी; पुलिस और आईटीबीपी तैनात

विकासनगर: निहंगों की प्रस्तावित बैठक को देखते हुए उत्तराखंड-हिमाचल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। निहंगों को हिमाचल बॉर्डर से उत्तराखंड में प्रवेश करने से रोकने के लिए विकासनगर के कुल्हाल क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। सीमा क्षेत्र में भारी संख्या में …

By Hindi News 24x7 - News Editor
Last Updated: 25 जून, 2026
उत्तराखंड में आज निहंगों की बैठक, हिमाचल बॉर्डर पर सुरक्षा बढ़ी; पुलिस और आईटीबीपी तैनात

विकासनगर: निहंगों की प्रस्तावित बैठक को देखते हुए उत्तराखंड-हिमाचल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। निहंगों को हिमाचल बॉर्डर से उत्तराखंड में प्रवेश करने से रोकने के लिए विकासनगर के कुल्हाल क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।

सीमा क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिस बल के साथ आईटीबीपी के जवानों की तैनाती की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी स्थिति में बिना अनुमति निहंगों को बॉर्डर पार कर उत्तराखंड में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।

सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए एसपी देहात पंकज गैरोला, कोतवाल राजीव रौथाण सहित कई अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। पुलिस ने कुल्हाल बॉर्डर के साथ-साथ डाकपत्थर पुल पर भी सुरक्षा बढ़ा दी है। डाकपत्थर बैराज पुल के पार हिमाचल क्षेत्र शुरू हो जाता है, इसलिए यहां विशेष निगरानी रखी जा रही है।

प्रशासन की ओर से सीमा पर आने-जाने वाले वाहनों और लोगों की निगरानी की जा रही है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल को अलर्ट मोड पर रखा गया है।

अधिकारियों के अनुसार, कानून व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और इसी को ध्यान में रखते हुए बॉर्डर क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

Tagged:
Share This Article