Menu
#News

उत्तरकाशी:मुख्यमंत्री धामी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में, देहरादून व ऋषिकेश में आईसीयू सहित बेड आरक्षित

उत्तरकाशी: धराली क्षेत्र में बादल फटने से उत्पन्न आपदा को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में प्रभावित लोगों को समय पर बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जा सके। …

By Hindi News 24x7 - News Editor
Last Updated: 06 अग, 2025
उत्तरकाशी:मुख्यमंत्री धामी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में, देहरादून व ऋषिकेश में आईसीयू सहित बेड आरक्षित

उत्तरकाशी:  धराली क्षेत्र में बादल फटने से उत्पन्न आपदा को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में प्रभावित लोगों को समय पर बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जा सके।

स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने बताया कि देहरादून, ऋषिकेश और अन्य प्रमुख चिकित्सा संस्थानों में बेड आरक्षित कर दिए गए हैं। दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में 150 सामान्य बेड और 50 आईसीयू बेड, कोरोनेशन जिला चिकित्सालय में 80 सामान्य बेड और 20 आईसीयू बेड, जबकि एम्स ऋषिकेश में 50 सामान्य बेड और 20 आईसीयू बेड सुरक्षित रखे गए हैं। इन अस्पतालों में डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल स्टाफ व दवा आपूर्ति की पूरी व्यवस्था कर ली गई है।

आपदा से प्रभावित लोगों के मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए तीन मनोचिकित्सकों की टीम धराली क्षेत्र में तैनात की गई है, जो स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर राहत शिविरों में पीड़ितों को काउंसलिंग और मनोवैज्ञानिक सहायता प्रदान करेगी। स्वास्थ्य सचिव ने स्पष्ट किया कि सभी जिलों के मुख्य चिकित्साधिकारी और आपदा प्रतिक्रिया टीमें सतर्क हैं तथा 108 एंबुलेंस सेवा को 24 घंटे सक्रिय रखा गया है।

उन्होंने कहा कि यह संवेदनशील समय है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कोई भी घायल या जरूरतमंद व्यक्ति इलाज से वंचित न रहे, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार है।

Tagged:
Share This Article