Menu
#Mumbai

बदरीनाथ और केदारनाथ धाम की ऑनलाइन पूजा बुकिंग शुरू, पहले ही दिन 93 पूजाएं आरक्षित।

आने वाली चारधाम यात्रा सत्र के लिए बदरीनाथ और केदारनाथ धाम की पूजाओं की ऑनलाइन बुकिंग गुरुवार से शुरू हो गई है।बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अपनी आधिकारिक वेबसाइट www.badrinath-kedarnath.gov.in पर यह सेवा शुरू की है। बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल ने बताया …

By Hindi News 24x7 - News Editor
Last Updated: 10 अप्र, 2025
बदरीनाथ और केदारनाथ धाम की ऑनलाइन पूजा बुकिंग शुरू, पहले ही दिन 93 पूजाएं आरक्षित।

आने वाली चारधाम यात्रा सत्र के लिए बदरीनाथ और केदारनाथ धाम की पूजाओं की ऑनलाइन बुकिंग गुरुवार से शुरू हो गई है।बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अपनी आधिकारिक वेबसाइट www.badrinath-kedarnath.gov.in पर यह सेवा शुरू की है।

बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल ने बताया कि इस वर्ष केदारनाथ धाम के कपाट 2 मई को और बदरीनाथ धाम के कपाट 4 मई को खोले जाएंगे। श्रद्धालु 30 जून तक की अवधि के लिए मंदिर समिति की वेबसाइट पर जाकर विभिन्न पूजाओं की बुकिंग कर सकते हैं। पूजा शुल्क में कोई बदलाव नहीं किया गया है और पहले की तरह ही दरें लागू रहेंगी।

बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ के अनुसार, बदरीनाथ धाम में अभिषेक, महाभिषेक, वेद पाठ, गीता पाठ, विष्णुसहस्त्रनाम, चांदी व स्वर्ण आरती और गीत गोविंद पाठ सहित कई पूजाएं करवाई जा सकती हैं। वहीं केदारनाथ धाम में रुद्राभिषेक, लघु रुद्र, महामृत्युंजय जाप, षोडशोपचार पूजा और सांयकालीन आरती की ऑनलाइन बुकिंग उपलब्ध है।

बुकिंग शुरू होते ही श्रद्धालुओं ने वेबसाइट पर संपर्क करना शुरू कर दिया। पहले ही दिन कुल 93 पूजाओं की ऑनलाइन बुकिंग हुई, जिनमें बदरीनाथ धाम के लिए 32 महाभिषेक व अभिषेक पूजाएं तथा केदारनाथ धाम के लिए 61 षोडशोपचार पूजाएं बुक की गईं।

बीकेटीसी के इंटरनेट कोऑर्डिनेटर दीपेन्द्र रावत के अनुसार, अब तक बदरीनाथ धाम के लिए लगभग 30% और केदारनाथ धाम के लिए 20% पूजाएं ऑनलाइन माध्यम से बुक हो रही हैं। श्रद्धालु वेबसाइट पर जाकर पूजाओं की विस्तृत जानकारी व शुल्क देख सकते हैं।

चारधाम यात्रा की शुरुआत से पहले ही इस पहल से श्रद्धालुओं को आसानी होगी और उन्हें लंबी कतारों से मुक्ति मिल सकेगी।

Tagged:
Share This Article