Menu
#News

पहलगाम आतंकी हमला: शोपियां में लगे आतंकियों के पोस्टर, जानकारी देने पर 20 लाख का इनाम

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए भीषण आतंकी हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने जांच तेज कर दी है। इस हमले में शामिल तीन पाकिस्तानी आतंकियों की पहचान के लिए अब शोपियां जिले के कई इलाकों में उनके पोस्टर लगाए गए हैं। इन आतंकियों के बारे में सूचना …

By Hindi News 24x7 - News Editor
Last Updated: 13 मई, 2025
पहलगाम आतंकी हमला: शोपियां में लगे आतंकियों के पोस्टर, जानकारी देने पर 20 लाख का इनाम

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए भीषण आतंकी हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने जांच तेज कर दी है। इस हमले में शामिल तीन पाकिस्तानी आतंकियों की पहचान के लिए अब शोपियां जिले के कई इलाकों में उनके पोस्टर लगाए गए हैं। इन आतंकियों के बारे में सूचना देने वाले को 20 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की गई है।

पोस्टरों में स्पष्ट किया गया है कि जो भी व्यक्ति इन आतंकियों की ठोस जानकारी सुरक्षा बलों तक पहुंचाएगा, उसे इनाम के तौर पर 20 लाख रुपये दिए जाएंगे। ये पोस्टर सार्वजनिक स्थानों, बाजारों और स्थानीय गलियों में लगाए गए हैं ताकि अधिक से अधिक लोग इन्हें देख सकें और सुरक्षा बलों को सहयोग कर सकें।

22 अप्रैल को पहलगाम की प्रसिद्ध बायसरन घाटी में सेना की वर्दी पहने आतंकियों ने पर्यटकों पर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। चश्मदीदों के अनुसार, आतंकियों ने पहले लोगों का धर्म पूछकर उनकी पहचान की और फिर हिंदू होने की पुष्टि होने पर उन्हें गोली मार दी। इस नृशंस हमले में 26 लोगों की मौत हो गई, जिनमें से अधिकांश पर्यटक थे। मृतकों में दो विदेशी नागरिक और दो स्थानीय निवासी भी शामिल थे। हमले में करीब 14 लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है।

पहले इस हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े आतंकी संगठन ‘द रेजिस्टेंस फ्रंट’ (TRF) ने ली थी। हालांकि, कुछ ही घंटों बाद TRF ने अपने बयान से पल्ला झाड़ते हुए कहा कि इस हमले से उनका कोई लेना-देना नहीं है।

इस आतंकी हमले को पुलवामा (फरवरी 2019) के बाद जम्मू-कश्मीर में अब तक का सबसे बड़ा हमला माना जा रहा है, जिसने एक बार फिर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलवामा हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के 47 जवान शहीद हुए थे।

सुरक्षा एजेंसियां अब पहलगाम हमले में शामिल आतंकियों की पहचान, गतिविधियों और ठिकानों को लेकर खुफिया जानकारी जुटा रही हैं। स्थानीय नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत सुरक्षा बलों तक पहुंचाएं।

 

Tagged:
Share This Article