Menu
#Destinations

मसूरी के बैरियरों पर जाम से मिलेगी राहत, फास्टैग व्यवस्था लागू करने की तैयारी तेज

मसूरी: पर्यटन सीजन के दौरान मसूरी के प्रवेश बैरियरों पर लगने वाले लंबे जाम और शुल्क वसूली में होने वाली परेशानियों को खत्म करने के लिए फास्टैग व्यवस्था लागू करने की कवायद तेज हो गई है। नगर पालिका परिषद और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने इस दिशा में काम आगे …

By Hindi News 24x7 - News Editor
Last Updated: 25 जून, 2026
मसूरी के बैरियरों पर जाम से मिलेगी राहत, फास्टैग व्यवस्था लागू करने की तैयारी तेज

मसूरी: पर्यटन सीजन के दौरान मसूरी के प्रवेश बैरियरों पर लगने वाले लंबे जाम और शुल्क वसूली में होने वाली परेशानियों को खत्म करने के लिए फास्टैग व्यवस्था लागू करने की कवायद तेज हो गई है। नगर पालिका परिषद और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने इस दिशा में काम आगे बढ़ा दिया है।

फास्टैग प्रणाली लागू होने के बाद बैरियरों पर शुल्क वसूली पूरी तरह डिजिटल हो जाएगी, जिससे वाहनों की आवाजाही तेज होगी और पर्यटकों को घंटों जाम में फंसने से राहत मिलेगी।

बुधवार को नगर पालिका परिषद और एनएचएआई की संयुक्त टीम ने कोल्हूखेत स्थित इको पर्यटन शुल्क बैरियर और माल रोड के दोनों बैरियरों का स्थलीय निरीक्षण किया। टीम ने फास्टैग सिस्टम लगाने के लिए जरूरी तकनीकी व्यवस्थाओं, उपकरणों की स्थापना, यातायात संचालन और अन्य आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मौजूदा बैरियर व्यवस्था की स्थिति का आकलन किया और फास्टैग लागू करने को लेकर आवश्यक तैयारियों पर चर्चा की। योजना के तहत बैरियरों पर सेंसर आधारित डिजिटल भुगतान व्यवस्था विकसित की जाएगी, जिससे मैनुअल शुल्क वसूली में लगने वाला समय कम होगा।

पर्यटन सीजन में बढ़ते वाहनों के दबाव को देखते हुए यह व्यवस्था मसूरी में यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, तकनीकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही फास्टैग व्यवस्था शुरू करने की तैयारी है।

Tagged:
Share This Article