Menu
#News

बढ़ा रोडवेज बसों का संकट, टेंडर में नहीं आई कोई कंपनी

बढ़ा रोडवेज बसों का संकट, टेंडर में नहीं आई कोई कंपनी : राज्य में भविष्य में रोडवेज बसों का संकट बढ़ सकता है। परिवहन निगम ने जिन 100 नई बसों की खरीद का टेंडर जारी किया था, उसमें किसी कंपनी ने दिलचस्पी नहीं ली। इस कारण बस खरीद की प्रक्रिया …

By Hindi News 24x7 - News Editor
Last Updated: 09 अप्र, 2025
बढ़ा रोडवेज बसों का संकट, टेंडर में नहीं आई कोई कंपनी

बढ़ा रोडवेज बसों का संकट, टेंडर में नहीं आई कोई कंपनी : राज्य में भविष्य में रोडवेज बसों का संकट बढ़ सकता है। परिवहन निगम ने जिन 100 नई बसों की खरीद का टेंडर जारी किया था, उसमें किसी कंपनी ने दिलचस्पी नहीं ली। इस कारण बस खरीद की प्रक्रिया आगे खिसक गई है। दिल्ली में केवल बीएस-6 बसों के प्रवेश की बाध्यता होने के बाद यह समस्या और बढ़ सकती है।

परिवहन निगम की बसों का बेड़ा 950 था। 2023-24 में निगम की 12 बसें कंडम हुईं, 835 बचीं। इस साल 55 बसें कंडम हो रही हैं। पिछले साल निगम ने 150 बसें खरीदी थीं, जिससे बसों की संख्या 930 हो गई। 2025-26 में 480 बसें कंडम होंगी, जिसके बाद संकट बढ़ सकता है। पहले परिवहन निगम ने 175 नई बसें खरीदने का प्रस्ताव बनाया था, जिनमें से 100 बसें तो डीजल की थीं और 75 सीएनजी की। सीएनजी बसों का विचार निगम ने त्याग दिया था।

मार्च में परिवहन निगम ने 100 नई बस खरीद का टेंडर निकाला था। महीनेभर इंतजार करने के बावजूद कोई भी कंपनी इस टेंडर प्रक्रिया में शामिल नहीं हुई। नतीजतन, परिवहन निगम ने इसे रद्द कर दिया है। अब नए सिरे से टेंडर निकाला जाएगा। टेंडर निकलने, कंपनी को काम मिलने के बाद भी करीब छह माह में बसों की आपूर्ति शुरू हो सकेगी। इस साल के अंत या नए साल की शुरुआत में निगम को ये बसें मिल सकती हैं।

परिवहन निगम इस बार चारधाम यात्रा में 125 बसें संचालित करने जा रहा है। निगम की एमडी का कहना है कि यात्रा में भीड़ बढ़ने पर जरूरत के हिसाब से बसों की संख्या बढ़ाई भी जा सकती है। उन्होंने बताया कि ये सभी बसें अलग-अलग डिपो से यहां लगाई जाएंगी, जिससे सीधे तौर पर किसी रूट विशेष पर संचालन प्रभावित नहीं होगा।पहले टेंडर में कोई कंपनी शामिल नहीं हुई है। अब हम दोबारा टेंडर निकालने जा रहे हैं। उम्मीद है कि जल्द ही टेंडर जारी होगा और नई बसें आएंगी। -रीना जोशी, एमडी, परिवहन निगम

Share This Article