Menu
#News

Rudraprayag:बीकेटीसी अध्यक्ष ने किया भूस्खलन प्रभावित केदारनाथ मार्ग का निरीक्षण

Rudraprayag: बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बुधवार को सोनप्रयाग के निकट केदारनाथ मार्ग पर हुए भूस्खलन क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया और जिला प्रशासन को शीघ्र यात्रा मार्ग खोलने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने एसडीआरएफ तथा एनडीआरएफ की टीमों को तीर्थयात्रियों की सहायता करने के …

By Hindi News 24x7 - News Editor
Last Updated: 30 जुल, 2025
Rudraprayag:बीकेटीसी अध्यक्ष ने किया भूस्खलन प्रभावित केदारनाथ मार्ग का निरीक्षण

Rudraprayag: बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बुधवार को सोनप्रयाग के निकट केदारनाथ मार्ग पर हुए भूस्खलन क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया और जिला प्रशासन को शीघ्र यात्रा मार्ग खोलने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने एसडीआरएफ तथा एनडीआरएफ की टीमों को तीर्थयात्रियों की सहायता करने के भी निर्देश दिए।

बीकेटीसी अध्यक्ष भूस्खलन प्रभावित सड़क मार्ग के निरीक्षण के अलावा तीर्थयात्रियों से मिले और उनका हाल-चाल जाना। उन्होंने श्रद्धालुओं से मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए सावधानी से यात्रा करने की अपील की। हेमंत द्विवेदी ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के अनुसार चारधाम यात्रा सकुशल चल रही है और सभी तीर्थयात्रियों की यात्रा सुखद एवं सुरक्षित रखना प्रदेश सरकार एवं बीकेटीसी का प्रयास है।

बीकेटीसी अध्यक्ष ने आशा व्यक्त की कि अति शीघ्र  केदारनाथ धाम की यात्रा सुचारू हो जाएगी। उन्होंने बताया कि वे उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण और वरिष्ठ सदस्य निवास पोस्ती के साथ  केदारनाथ धाम में आयोजित श्रीमद्भागवत महापुराण कथा के समापन अवसर पर शामिल होने के लिए सोनप्रयाग पहुंचे थे। यह कार्यक्रम बीकेटीसी तथा श्री केदार सभा की ओर से आपदा में दिवंगत हुए तीर्थयात्रियों की स्मृति तथा आत्मशांति हेतु आयोजित किया गया था।

भूस्खलन के कारण मार्ग अवरुद्ध होने से बीकेटीसी अध्यक्ष और उनके साथी अवरुद्ध मार्ग के निकट से ही भगवान केदारनाथ को प्रणाम करने को विवश हुए। इस दौरान उन्होंने केदारनाथ आपदा के दिवंगतों को श्रद्धांजलि भी दी।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी अनिल शुक्ला, बदरीनाथ धाम प्रभारी अधिकारी विपिन तिवारी, तहसीलदार प्रदीप नेगी, सैक्टर मजिस्ट्रेट कृष्ण कांत सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

यह घटना केदारनाथ यात्रा मार्ग की चुनौतियों और प्रशासन की सजगता दोनों को दर्शाती है। बीकेटीसी की ओर से लगातार मार्ग की निगरानी और तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को लेकर किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं।

Tagged:
Share This Article