Menu
#Mumbai

एसएसपी देहरादून ने ली मासिक अपराध गोष्ठी, क्रिसमस-नववर्ष पर कड़े सुरक्षा निर्देश

देहरादून, 23 दिसंबर: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने मंगलवार सायं पुलिस लाइन देहरादून में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की। गोष्ठी में माह नवंबर के अपराधों एवं उनके अनावरण की विस्तृत समीक्षा की गई। एसएसपी ने आगामी क्रिसमस त्योहार एवं नववर्ष …

By Hindi News 24x7 - News Editor
Last Updated: 24 दिस्, 2025
एसएसपी देहरादून ने ली मासिक अपराध गोष्ठी, क्रिसमस-नववर्ष पर कड़े सुरक्षा निर्देश

देहरादून, 23 दिसंबर: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने मंगलवार सायं पुलिस लाइन देहरादून में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की। गोष्ठी में माह नवंबर के अपराधों एवं उनके अनावरण की विस्तृत समीक्षा की गई।

एसएसपी ने आगामी क्रिसमस त्योहार एवं नववर्ष के आगमन को देखते हुए भारी संख्या में पर्यटकों के आवागमन की संभावना के मद्देनज़र आमजन को असुविधा से बचाने हेतु प्रभावी यातायात डायवर्जन प्लान तैयार कर सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, बाजारों एवं मुख्य मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के आदेश दिए गए।

गोष्ठी के दौरान जनपद में चल रहे आकस्मिक चेकिंग अभियान की समीक्षा करते हुए सीमावर्ती थाना क्षेत्रों सहित सभी इलाकों में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच व सत्यापन के निर्देश दिए गए।

एसएसपी ने अवैध अतिक्रमण को चिन्हित कर संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

वांछित एवं फरार अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने तथा लंबे समय से फरार अपराधियों की संपत्ति कुर्की हेतु माननीय न्यायालय से आदेश प्राप्त कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त अभियुक्तों द्वारा अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों के चिन्हीकरण एवं जब्तीकरण की कार्यवाही करने तथा अभ्यस्त अपराधियों के विरुद्ध PIT NDPS Act के तहत प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

एसएसपी ने महिला एवं बाल अपराधों तथा पॉक्सो एक्ट से संबंधित मामलों में त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

नववर्ष की पूर्व संध्या पर अवांछित तत्वों की सक्रियता की आशंका के मद्देनज़र जनपद की सीमाओं पर सघन चेकिंग के आदेश दिए गए। थानों में पंजीकृत अपराधों की समीक्षा कर लंबित मामलों के शीघ्र अनावरण के निर्देश दिए गए।

इसके साथ ही CCTNS, सीएम हेल्पलाइन, NCRP पोर्टल सहित अन्य ऑनलाइन पोर्टलों की समीक्षा करते हुए सूचनाओं को समय से अपडेट करने के निर्देश दिए गए। लापरवाही बरतने वाले थाना प्रभारियों को कड़ी चेतावनी दी गई।

एसएसपी देहरादून ने स्पष्ट निर्देश दिए कि नववर्ष के दौरान सुरक्षा, शांति व्यवस्था एवं यातायात संचालन में किसी भी प्रकार की शिथिलता बरतने पर कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Tagged:
Share This Article