Menu
#News

चिकित्सकों की समस्याओं को लेकर राज्य सरकार गंभीर: डॉ. आर. राजेश कुमार

देहरादून: राज्य सरकार चिकित्सकों की समस्याओं को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है और उन्हें समाधान की दिशा में गंभीरता से कार्य कर रही है। यह बात स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने मंगलवार को प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ के प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई वार्ता के दौरान कही। संघ के …

By Hindi News 24x7 - News Editor
Last Updated: 14 मई, 2025
चिकित्सकों की समस्याओं को लेकर राज्य सरकार गंभीर: डॉ. आर. राजेश कुमार

देहरादून:  राज्य सरकार चिकित्सकों की समस्याओं को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है और उन्हें समाधान की दिशा में गंभीरता से कार्य कर रही है। यह बात स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने मंगलवार को प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ के प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई वार्ता के दौरान कही।

संघ के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. मनोज वर्मा नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य सचिव से मुलाकात कर वर्ष 2016 और 2017 में पोस्ट ग्रेजुएशन  में गए विशेषज्ञ चिकित्सकों के लिए *असाधारण अवैतनिक अवकाश  को अवैतनिक अध्ययन अवकाश में परिवर्तित करने की माँग प्रमुखता से उठाई। संघ ने स्पष्ट किया कि इस परिवर्तन से न केवल सेवा पुस्तिका में पारदर्शिता आएगी, बल्कि चिकित्सकों की वरिष्ठता और प्रोन्नति प्रक्रिया भी प्रभावित नहीं होगी।

स्वास्थ्य सचिव डॉ. कुमार ने प्रतिनिधिमंडल की बात को ध्यानपूर्वक सुना और आश्वस्त किया कि इस विषय को प्राथमिकता से लिया जाएगा। उन्होंने कहा, “राज्य सरकार चिकित्सकों के हितों के प्रति प्रतिबद्ध है। पीजी में गए चिकित्सकों के अवकाश से संबंधित यह मामला तकनीकी और प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। हम इसे शीघ्र और नियमसम्मत तरीके से सुलझाएंगे।”

उन्होंने यह भी कहा कि संबंधित विभागों से समन्वय कर जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि चिकित्सकों को अनावश्यक बाधाओं का सामना न करना पड़े।

इस आश्वासन से चिकित्सा समुदाय में संतोष का माहौल देखा जा रहा है। बैठक में डॉ. परमार्थ जोशी, डॉ. निशांत अंजुम और डॉ. अभिषेक नौटियाल भी उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल की इस पहल से चिकित्सकों में नई उम्मीद और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ है।

Tagged:
Share This Article