Menu
#Mumbai

देहरादून में बिना नंबर प्लेट और पंजीकरण वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई, चेकिंग अभियान तेज

आज देहरादून में संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा), देहरादून डॉक्टर अनीता चमोला के निर्देशानुसार अपंजीकृत वाहनों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ऐसे निजी वाहनों पर कार्रवाई करना था, जो बिना पंजीकरण एवं बिना नंबर प्लेट के शहर में अनियमित रूप से …

By Hindi News 24x7 - News Editor
Last Updated: 03 अप्र, 2026
देहरादून में बिना नंबर प्लेट और पंजीकरण वाले वाहनों पर सख्त कार्रवाई, चेकिंग अभियान तेज

आज देहरादून में संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा), देहरादून डॉक्टर अनीता चमोला के निर्देशानुसार अपंजीकृत वाहनों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ऐसे निजी वाहनों पर कार्रवाई करना था, जो बिना पंजीकरण एवं बिना नंबर प्लेट के शहर में अनियमित रूप से संचालित हो रहे हैं, जिससे उनके स्वामियों अथवा संबंधित एजेंसियों की पहचान करना कठिन हो जाता है।
यह अभियान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी , देहरादून पंकज श्रीवास्तव एवं उनकी टीम द्वारा संचालित किया गया। इसमें अनुराधा पंत, प्रज्ञा पंत परिवहन कर अधिकारी एवं अन्य शामिल थे।अभियान के दौरान विशेष रूप से अपंजीकृत निजी वाहनों पर ध्यान केंद्रित किया गया।


चेकिंग के दौरान दो स्कॉर्पियो-एन वाहन बिना पंजीकरण के संचालित होते पाए गए, जिन्हें तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया। इनमें से एक वाहन लगभग 45,000 किलोमीटर तक संचालित हो चुका था तथा उसे एक नाबालिग द्वारा चलाया जा रहा था। उक्त वाहन को कड़ी निगरानी एवं पीछा करने के बाद पकड़ा गया तथा बाईपास पुलिस चौकी, नेहरू नगर थाना क्षेत्र में सीज किया गया।एक थार वाहन का भी चालान किया गया।


इसके अतिरिक्त अन्य वाहनों के विरुद्ध भी कार्रवाई करते हुए कुल 128 वाहनों का चालान किया गया तथा 18 वाहनों को निरुद्ध (सीज) किया गया। इसमें 12 वाहन अपंजीकृत थे।जिन वाहनों के स्वामी तत्काल उपलब्ध नहीं थे, उनके विरुद्ध संबंधित वाहन डीलरों को नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जा रही है।
संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) डॉ. अनीता चमोला ने बताया कि ऐसे डीलर, जो बिना पंजीकरण के वाहन स्वामियों को वाहन डिलीवर करते हैं, उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उनके ट्रेड लाइसेंस के निलंबन अथवा निरस्तीकरण हेतु भी संस्तुति की जाएगी।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि बिना पंजीकरण एवं बिना नंबर प्लेट के वाहनों का संचालन न केवल सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है, बल्कि इससे आपराधिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलता है, क्योंकि ऐसे वाहन कैमरों की निगरानी से बचने में सहायक होते हैं।
अतः सभी वाहन स्वामियों, फर्मों एवं वाहन डीलरों को निर्देशित किया जाता है कि बिना विधिवत पंजीकरण एवं नंबर प्लेट के किसी भी वाहन की डिलीवरी अथवा संचालन न करें। अन्यथा उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह अभियान जनहित एवं सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Tagged:
Share This Article