Menu
#Mumbai

रुद्रप्रयाग में दर्दनाक हादसा: फाटा–बड़ासू मार्ग पर खाई में गिरा डंपर, दो लोगों की मौत

रुद्रप्रयाग में खाई में गिरा डंपर, दो लोगों की मौके पर मौत उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। फाटा–बड़ासू मोटर मार्ग पर तरसाली के पास एक डंपर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में डंपर सवार दो लोगों की मौत हो …

By Hindi News 24x7 - News Editor
Last Updated: 17 जुल, 2026
रुद्रप्रयाग में दर्दनाक हादसा: फाटा–बड़ासू मार्ग पर खाई में गिरा डंपर, दो लोगों की मौत

रुद्रप्रयाग में खाई में गिरा डंपर, दो लोगों की मौके पर मौत

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। फाटा–बड़ासू मोटर मार्ग पर तरसाली के पास एक डंपर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में डंपर सवार दो लोगों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और 108 एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, रात करीब 8:43 बजे सूचना मिली कि वाहन संख्या UK13CA0826 तरसाली के पास दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन ने सभी संबंधित एजेंसियों को तत्काल मौके के लिए रवाना किया।

कठिन रेस्क्यू के बाद निकाले गए दोनों शव

संयुक्त रेस्क्यू अभियान के दौरान राहत दल को डंपर में दो लोग सवार मिले। बचाव टीम ने कठिन परिस्थितियों में 45 वर्षीय संजय राणा का शव खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद दूसरे व्यक्ति मोहन का शव भी बरामद कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में शोक की लहर है।

हादसे के कारणों की जांच जारी

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस और 108 एम्बुलेंस की टीमों को तत्काल घटनास्थल पर भेजा गया। सभी एजेंसियों के समन्वय से राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया।

फिलहाल पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है। साथ ही यह पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है कि डंपर हादसे का वास्तविक कारण क्या था।

Tagged:
Share This Article