Menu
#Mumbai

उत्तराखंड: दादा रहे यूपी में विधायक, अब पोते को मिली चमोली में कांग्रेस की कमान

चमोली: कांग्रेस ने संगठन को नई दिशा देने की कवायद के तहत चमोली जिले में बड़ा फेरबदल किया है। कर्णप्रयाग विकासखंड के डिम्मर गांव निवासी सुरेश डिमरी को चमोली का नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। लगभग चार दशक बाद कांग्रेस ने जिले में एक ब्राह्मण चेहरे पर भरोसा जताया …

By Hindi News 24x7 - News Editor
Last Updated: 13 नव, 2025
उत्तराखंड: दादा रहे यूपी में विधायक, अब पोते को मिली चमोली में कांग्रेस की कमान

चमोली: कांग्रेस ने संगठन को नई दिशा देने की कवायद के तहत चमोली जिले में बड़ा फेरबदल किया है। कर्णप्रयाग विकासखंड के डिम्मर गांव निवासी सुरेश डिमरी को चमोली का नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। लगभग चार दशक बाद कांग्रेस ने जिले में एक ब्राह्मण चेहरे पर भरोसा जताया है।

सुरेश डिमरी एक राजनीतिक पृष्ठभूमि वाले परिवार से आते हैं। उनके दादा स्व. घनश्याम दत्त डिमरी वर्ष 1957 से 1962 तक उत्तर प्रदेश विधानसभा में विधायक रहे थे। अब उसी राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाते हुए सुरेश डिमरी को जिले में संगठन की बागडोर सौंपी गई है।

कांग्रेस के इस निर्णय को संगठन में संतुलन साधने और पुराने कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, चमोली में लंबे समय से संगठन निष्क्रिय स्थिति में था, जिसे अब सुरेश डिमरी के नेतृत्व में नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद है।

सुरेश डिमरी ने जिम्मेदारी मिलने पर कहा कि वे पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता को साथ लेकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करेंगे। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कांग्रेस को जिले की हर पंचायत, हर गांव तक सक्रिय करने का लक्ष्य है।

स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डिमरी की नियुक्ति का स्वागत किया और कहा कि वे एक जमीनी नेता हैं, जो जनता की समस्याओं से सीधे जुड़े हुए हैं। कार्यकर्ताओं का मानना है कि उनके नेतृत्व में कांग्रेस चमोली में फिर से मजबूत आधार बना सकेगी।

 

Tagged:
Share This Article