मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड के निर्देशानुसार प्रदेशभर में संचालित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी प्रतीक जैन के मार्गदर्शन में जनपद रुद्रप्रयाग की सभी 27 न्याय पंचायतों में बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज 16 जनवरी, 2026 को राजकीय इंटर कॉलेज, गुप्तकाशी में बहुउद्देशीय शिविर “प्रशासन गांव की ओर” कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।

विभिन्न विभागों की सक्रिय सहभागिता
शिविर में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई तथा पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से तत्काल लाभान्वित किया गया। कई मामलों में आवेदन प्राप्त कर उनका मौके पर ही निस्तारण किया गया।
ग्रामीणों द्वारा मानव-वन्यजीव संघर्ष, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, सड़क, आवास, गौशालाओं, मुआवजा, सौर ऊर्जा सहित अन्य जनसमस्याएं प्रमुख रूप से उठाई गईं, जिन पर अधिकारियों द्वारा गंभीरता से संज्ञान लेते हुए कार्यवाही सुनिश्चित की गई।
जिला प्रशासन द्वारा यह प्रयास किया जा रहा है कि जनपद के दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में रह रहे प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुँचे तथा जनसमस्याओं का समाधान गांव स्तर पर ही सुनिश्चित किया जा सके।