Menu
#Destinations

देहरादून में युवक की गोली मारकर हत्या, तिब्बती मार्केट के पास सनसनी; प्रॉपर्टी विवाद की आशंका

देहरादून: राजधानी देहरादून में बुधवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। तिब्बती मार्केट के पास एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अज्ञात बदमाशों ने युवक को निशाना बनाकर गोली चलाई और मौके से फरार हो गए। घटना से इलाके में दहशत फैल गई। गोली लगने से …

By Hindi News 24x7 - News Editor
Last Updated: 11 फ़र, 2026
देहरादून में युवक की गोली मारकर हत्या, तिब्बती मार्केट के पास सनसनी; प्रॉपर्टी विवाद की आशंका

देहरादून: राजधानी देहरादून में बुधवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। तिब्बती मार्केट के पास एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अज्ञात बदमाशों ने युवक को निशाना बनाकर गोली चलाई और मौके से फरार हो गए। घटना से इलाके में दहशत फैल गई।

गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों की मदद से उसे तत्काल दून अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के मालिक अर्जुन शर्मा के रूप में बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अर्जुन शर्मा बुधवार सुबह परेड ग्राउंड में टेनिस खेलने के लिए आए थे। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उन पर हमला कर दिया। हमलावर ने बेहद नजदीक से गोली चलाई और वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गया।

प्रारंभिक जांच में मामला प्रॉपर्टी विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। परिजनों और सूत्रों के अनुसार अर्जुन शर्मा को पहले भी जान से मारने की धमकियां मिल चुकी थीं। उन्होंने अपनी जान को खतरा बताते हुए इस संबंध में थाने में कई बार शिकायत भी दर्ज कराई थी।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है।

दिनदहाड़े हुई इस हत्या की घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Tagged:
Share This Article